March 2, 2026

पटवारी व नायब के तीन माह से न आने पर कार्य ठप्प, महिला कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन किया।

मसूरी : महिला कांग्रेस ने कचहरी परिसर में पटवारी व नायब तहसीलदार के लंबे समय से न आने पर धरना दिया। पर्यटन नगरी में आम जनता को पटवारी व नायब तहसीलदार के न आने से विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्रों को बनवाने के साथ अन्य कार्य न होने पर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसके कारण बड़ा नुकसान हो रहा है।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष व पालिका सभासद जसबीर कौर के नेतृत्व में कचहरी परिसर में धरना दिया गया व प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर महिलाएं जनता करे पुकार, पटवारी हाजिर हों सरकार, सब काम रूका है, पटवारी कहां छिपा है, सरकार सोई चैन से, जनता रोई पेन से, मसूरी की जनता त्रस्त है पटवारी मस्त है आदि नारे लगा रही थी। इस मौके पर महिला कांग्रेस अध्यक्ष व पालिका सभासद जसबीर कौर ने कहा कि पिछले तीन माह से न ही पटवारी है और न ही नायब तहसीलदार है जिसके कारण जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कार्य रूक है, जब भी यहां आते है तो कचहरी खाली पड़ी रहती है। यहां पर जनता को एडमिशन के लिए स्थायी निवास, गौरा देवी कन्या धन योजना, वारिस प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र आदि बनाने है व अन्य कार्य करने होते है लेकिन पटवारी व नायब के न होने से जनता कचहरी के चक्कर काटते थक गयी है। वहीं विगत दिनों आपदा के कारण लोगों के पुश्ते गिरे, मकानों को खतरा हुआ, दीवार गिरी उन्होंने प्रार्थना पत्र दे रखे है, लेकिन पटवारी के न होने से उनकी जांच नहीं हो पायी व मुआवजा भी नहीं मिल पा रहा है पिछले दिनों जब पटवारी आया वह सारे कागज ले गया व फिर आज तक नहीं लौटा, फोन करो तो उठाते नहीं जिस कारण जनता बड़ी परेशान है। वहीं पालिका सभासदों ने एसडीएम को भी इस संबंध में ज्ञापन भी दिया था लेकिन उसके बाद भी कोई लाभ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि दो साल पहले तहसील बनाने की खुशिया मनाई गयी व भाजपा के लोगों ने मिष्ठान वितरित किया गया लेकिन तहसील भी आज तक नहीं बन पायी।

इस मौके पर राजेश्वरी डोभाल ने कहा कि मसूरी में पटवारी के न आने से जनता बड़ी परेशान है, बिना पटवारी के कार्रवाई आगे नहीं बढ पा रही है व नुकसान हो रहा है, जिस कारण मजबूरी में धरना देने को मजबूर होना प़ड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में जनता बड़ी परेशान है कोई काम नहीं हो पा रहे, महिलाओं को भी परेशानियां उठानी पड़ रही है। बच्चों का भविष्य बर्बाद हो रहा है। इस मौके पर पालिका सभासद व महिला काग्रेस अध्यक्ष जसबीर कौर के साथ ही राजेश्वरी डोभाल, सोनिया सिंह, खुशी, किरन, संगीता भंडारी, पिंकी, सुरभि मंजू, शारदा सहित महिलाओं ने धरना दिया व प्रदर्शन किया।