September 22, 2026

“आशीर्वाद का दीया’‘ कार्यक्रम में बोले कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी-प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर सेवा और राष्ट्र निर्माण का संकल्प लें।

मसूरी : देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को मसूरी के गांधी चौक में ’‘सेवा संकल्प अभियान’’ के अंतर्गत ’’आशीर्वाद का दीया’’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रतिभाग करते हुए प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि ’’सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराने का दिन’’ है। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से देश के करोड़ों नागरिक प्रधानमंत्री जी के प्रति अपना स्नेह, सम्मान और आशीर्वाद व्यक्त कर रहे हैं। मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पीएम के नेतृत्व में देश ने ’‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’’ की भावना के साथ विकास की नई दिशा प्राप्त की है। गरीब, किसान, महिला, युवा, मजदूर और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों के हित में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। ’’प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड तथा कृषि एवं सिंचाई से जुड़ी विभिन्न योजनाओं’’ के माध्यम से किसानों को सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है। उत्तराखण्ड में भी राज्य सरकार किसानों, बागवानों, पशुपालकों और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसके अतिरिक्त, वन रैंक वन पेंशन के माध्यम से देशभर के पूर्व सैनिकों को इसका लाभ प्राप्त हुआ।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखण्ड से विशेष आत्मीय संबंध है। देवभूमि में चारधाम एवं धार्मिक स्थलों के विकास, सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी, सीमांत क्षेत्रों के विकास तथा पर्यटन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों से उत्तराखण्ड को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि आशीर्वाद का दीया केवल एक दीप प्रज्ज्वलित करने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को आगे बढ़ाने का प्रतीक है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री जी के सेवा संकल्प अभियान (17 सितम्बर से 18 अक्टूबर) पर प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर सेवा कार्यों से जुड़े और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दे।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, महामंत्री नरेन्द्र मेलवान, मदन मोहन शर्मा, सभासद विजय बिंदवाल, कुशाल राणा, विजय रमोला, अनिता धनाई, युवा मोर्चा अध्यक्ष सचिन पंवार, आशीष जोशी, कमला थपलियाल, राजकुमार, विजय आदि मौजूद रहे।